सरायकेला/आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ फोर्ज में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत के बाद परिजनों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन के साथ कंपनी गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय प्रेमचंद गुप्ता के रूप में हुई है। जो बलरामपुर गम्हरिया के रहने वाले है।
परिजनों का आरोप है कि प्रेमचंद सोमवार 17 नवंबर की सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसकी जानकारी परिवार को मंगलवार दोपहर करीब दो बजे मिली कि प्रेमचंद की मौत हो गई है। परिवार का कहना है कि यह घटना ड्यूटी के दौरान कंपनी परिसर में हुई है, जबकि कंपनी सूत्रों के अनुसार प्रेमचंद का शव सोमवार शाम करीब सात बजे कंपनी के निकट नाले के पास मिला था। उन्हें आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने कंपनी गेट को जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। झामुमो के सरायकेला युवा अध्यक्ष डब्बा सिंह ने कहा कि जब तक मृतक के परिवार को तत्काल 01 लाख रुपये और 10 लाख रुपये का चेक मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन गेट जाम किया जाएगा।
खबर लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
