सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में नवंबर माह का राशन वितरण संकट गहराता जा रहा है। फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड की जिला इकाई ने जिला आपूर्तिपदाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।
गम्हरिया गोदाम में अक्टूबर माह की खाद्यान्न आपूर्ति अधिकांश दुकानों में आंशिक रूप से की गई थी। एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष फूलकांत झा ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा 15 अक्टूबर तक वितरण अनिवार्य किया गया था। इसी निर्देश के तहत दुकानदारों ने कम मात्रा में ही सही, लेकिन उपभोक्ताओं के बीच वितरण शुरू कर दिया था।
लेकिन इसी बीच लेबर की कमी और अन्य कारणों का हवाला देते हुए करीब एक सप्ताह तक गोदाम से सामान की आपूर्ति नहीं की गई। इसके बाद 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि गम्हरिया गोदाम में आग लगने की घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया। आग में एजीएम लेट अभिषेक हाजरा और DSD की मौत हो गई। एसोसिएशन ने इसे “सुनियोजित षड्यंत्र” बताते हुए गंभीर चिंता जाहिर की है।
फूलकांत झा ने कहा कि गोदाम कांड के बाद जिले के हजारों लाभुक गंभीर संकट में हैं। ऐसे में नवंबर माह का खाद्यान्न तत्काल उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि लाभुकों को राहत मिल सके। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि राशन वितरण बाधित न हो और गरीब परिवारों को समय पर उनका अधिकार मिल सके।

