सरायकेला/चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगुडीह स्थित सुवर्णरेखा मुख्य केनाल से चार दिन से लापता महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सोमवार देर रात ग्रामीणों ने केनाल में एक महिला का तैरता हुआ शव देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची चांडिल थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
मृतका की पहचान चिलगुडीह टोला कदमबेड़ा निवासी पार्वती मुर्मू के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार वह पिछले चार दिनों से लापता थी, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी। परिवार और ग्रामीणों ने स्वयं बैठक कर उसकी खोजबीन शुरू की थी। इसी दौरान केनाल में शव दिखाई देने पर घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस का कहना है कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि पार्वती का मानसिक स्वास्थ्य कुछ समय से ठीक नहीं था। हालांकि मौत के वास्तविक कारण दुर्घटना, आत्महत्या या कुछ और का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

