Saraikela: एनएच-33 फायरिंग कांड का चांडिल पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


सरायकेला/चांडिल: एनएच-33 स्थित आजादनगर और डिशारी होटल के पास 20 नवंबर की रात हुई फायरिंग की घटना का चांडिल पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 20 वर्षीय मो.शहबाज आलम, 19 वर्षीय मो. शाकिब रजा और 20 वर्षीय मो. फैजान आलम उर्फ मन्नू शामिल हैं। तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर और मानगो क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने में इन सभी की सक्रिय भूमिका रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि भी रही है और फायरिंग की घटना किसी आपराधिक विवाद से जुड़ी है।

पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए मानगो, आजादनगर और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में चांडिल थाना प्रभारी जितेंद्र विक्रम, थाना प्रभारी टोकोलो सेजू कुमार, राहुल कुमार भारती, अमित कुमार, संजीव कुमार, अजीत मुंडा सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post