सरायकेला/आदित्यपुर: भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आदित्यपुर में युवाओं और नागरिकों का उत्साह देखने लायक रहा। My Yuva Bharat के बैनर तले ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन भाजपा सरायकेला–खरसावां जिला कमेटी द्वारा किया गया। यह भव्य पदयात्रा आदित्यपुर से शुरू होकर जोश और देशभक्ति के माहौल में एनआईटी सभागार तक पहुँची।
पदयात्रा के दौरान स्कूली बच्चे, युवा और भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारे लगाते आगे बढ़ते रहे। पूरा मार्ग देशभक्ति की गूंज से सराबोर रहा। एनआईटी गेट पहुँचनें पर प्रतिभागियों का स्वागत प्रसिद्ध छऊ कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति से किया, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी राष्ट्रनिर्माण में भूमिका को नमन किया।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, युवाओं, नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की। इस आयोजन ने समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय चेतना का अद्भुत संदेश दिया।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह यूनिटी मार्च आदित्यपुर में राष्ट्रीय एकता और युवा शक्ति के संगम का प्रतीक बन गया।





