सरायकेला: सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू विवाद को लेकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो की गिरफ्तारी के विरोध में आज JLKM जिला कमेटी के आह्वान पर उपायुक्त कार्यालय के समीप एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने जुटकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तरुण महतो की गिरफ्तारी पूरी तरह अनुचित है और प्रशासन ने उनके साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट की, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। संगठन ने आरोप लगाया कि ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है और जब कोई इसके खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे परेशान किया जाता है।
धरना में शामिल JLKM पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा बालू, गिट्टी और खनिजों की लूट जारी है और इसे रोकने के बजाय प्रशासन उन लोगों को निशाना बना रहा है, जो इस अवैध कारोबार का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरे झारखंडी समाज के शोषण और अन्याय के खिलाफ उठाई गई आवाज है।
JLKM सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी ने कहा कि सभी झारखंडवासियों को एकजुट होकर संसाधनों की लूट और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना प्रभारी को बर्खास्त नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
धरना के बाद JLKM ने उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर तरुण महतो की अविलंब रिहाई, अवैध बालू कारोबार पर पूर्ण रोक और इसमें शामिल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने साफ कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और विस्तारित किया जाएगा।





