Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड में 'आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार' कार्यक्रम में अनियमितता को लेकर 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया, पंचायत समिति सदस्यों ने दी आंदोलन की चेतावनी


जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड के तहत आयोजित आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम में भारी अनियमितताओं एवं अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन के नेतृत्व में पंचायत समिति सदस्यों ने 15 सूत्री मांग पत्र जिला उपायुक्त के अनुपस्थिति में डीडीसी नागेंद्र पासवान को सौंपा। समिति ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रखंड विकास कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा। डीडीसी नागेंद्र पासवान ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ पदाधिकारियों से वार्ता की तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

मांगे और आरोप

सौंपे गए मांग पत्र में अनियमितताओं की जांच व सुधार की मांग की गई है। मैया सम्मान योजना के फॉर्म की अवैध बिक्री एवं कथित कालाबाजारी की जांच,शिविर स्थल पर व्यवस्था विहीन माहौल, भीड़ प्रबंधन में लापरवाही, मैया सम्मान योजना के फॉर्म जमा करने के बाद प्राप्ति रसीद नहीं देना, दिए जा रहे रसीदों पर किसी पदाधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होना, आवेदन की ऑन-द-स्पॉट कंप्यूटर एंट्री नहीं करना, केवल रजिस्टर में नाम दर्ज करना, संलग्न कागजातों की जांच-पड़ताल नहीं होना, जिससे भविष्य में भ्रम की स्थिति बनेगी, आवेदन की ट्रैकिंग हेतु सिस्टम विकसित नहीं करना, वीडीओ व सीओ द्वारा बिना योजना व पूर्व बैठक के शिविर का आयोजन, शिविर की तिथि तय करने से पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लेना, शिविर की तिथि में अचानक बदलाव, बिना सूचना प्रचार-प्रसार के कार्यक्रम आयोजित करना, कई विभागों के स्टॉल नहीं लगना, कई स्टॉल पर पदाधिकारियों की अनुपस्थिति,कई विभागों को मिलाकर एक ही टेबल से आवेदन लेना, जिससे अव्यवस्था बढ़ी,कार्यक्रम के दौरान प्रमुख, उप-प्रमुख और पंचायत समिति सदस्यों को दरकिनार करना और सौतेला व्यवहार शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, उप प्रमुख शिव कुमार हांसदा, जिला अध्यक्ष सतबीर सिंह बग्गा, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, मनोज यादव, रवि कुरली, दीपू सिंह, सोनिया भूमिज, संगीता पात्रों, जस्मीन गुड़िया, झरना मिश्रा, आरती करूवा, मनीषा हाइबुरू,साकरो सोरेन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post