सरायकेला: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाले “सरदार @150 यूनिटी मार्च” को लेकर भाजपा की ओर से सरायकेला सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, विभिन्न भाजपा पदाधिकारी तथा जिले के युवा पदाधिकारी क्षितिज कुमार सहित कई नेता उपस्थित थे।
भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह पदयात्रा जिले में भव्य रूप से आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम के तहत 19 नवंबर को आदित्यपुर में यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। 20 नवंबर को चांडिल में इसका आयोजन होगा। कार्यक्रम का जिला स्तरीय समापन 25 नवंबर को किया जाएगा। इस संबंध में युवा अधिकारी क्षितिज कुमार ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभावना, एकता और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी की उम्मीद है।
