जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में देर रात लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते सात से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह आग बागबेड़ा रेलवे लाल बिल्डिंग स्थित सब्जी बाजार के पास देर रात करीब डेढ़ बजे लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में छह से सात दुकानें जलकर राख हो गईं। दो से तीन अन्य दुकाने भी इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अनुमान के मुताबिक 10 से 12 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, सूचना पाकर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार भी सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जले हुए दुकानों का निरीक्षण कर पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार से मिलकर पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मौके पर पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य राजू ठाकुर, अजीत सिंहा, संजय महतो सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
