Saraikela: “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” का शुभारंभ - उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी


सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन द्वारा आज “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय परिसर से जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू सेवन से उत्पन्न घातक प्रभावों से समाज को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक जन-आंदोलन की आवश्यकता है। युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और प्रत्येक घर को तंबाकूमुक्त बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।

इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकूमुक्त घोषित किया जाए। साथ ही, COTPA-2003 की धारा 6(b) के तहत स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए। अभियान के तहत 09 अक्टूबर से 07 दिसंबर 2025 तक जिले के लगभग 400 विद्यालयों और महाविद्यालयों को तंबाकूमुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान चलाकर कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

जन-जागरूकता के लिए टॉक शो, हस्ताक्षर अभियान, प्रभात फेरी, वॉल पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही कम से कम 30 ग्राम पंचायतों को “तंबाकूमुक्त ग्राम” के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी ऑनलाइन जन-जागरूकता मुहिम चलाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, डी.आर.सी.एच.ओ. एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post