Chaibasa: जंगली हाथी का आतंकः राजाबेड़ा में बैल को रौंदकर मार डाला, ग्रामीणों में दहशत

Santosh verma

चाईबासा: सारंडा जंगल क्षेत्र में हाथियों का आतंक एक बार फिर बढ़ गया है। सोमवार की रात लगभग 11 बजे एक जंगली दत्तेल हाथी ने राजाबेड़ा गांव निवासी बेहरा सोरेन के बैल पर हमला कर उसकी दर्दनाक मौत कर दी। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। राजाबेड़ा से सटे जोजोगुट्टू गांव के मुंडा कानूराम देवगम ने बताया कि देर रात एक विशालकाय हाथी गांव की ओर आया और खुले में बंधे एक बैल पर अचानक हमला कर दिया।

हाथी ने बैल को अपने पैर से रौंदते हुए जमीन पर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने जब शोर मचाया तो हाथी पास के जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल गुवा वन विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर विभाग की टीम मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और मृत बैल का निरीक्षण किया। टीम ने हाथी की पहचान और मूवमेंट ट्रैकिंग के लिए जंगल में जांच शुरू कर दी है। 

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का झुंड आसपास के जंगलों में देखा जा रहा है। रात में हाथियों के जंगल से गांव की ओर आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। लोग अब रात में घरों के बाहर निकलने से डर रहे हैं। गांववालों ने वन विभाग से मृत बैल के मालिक बेहरा सोरेन को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि हाथियों के लगातार बढ़ते हमले से ग्रामीणों की जान और संपत्ति दोनों खतरे में हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। गांव के बुजुर्गों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने वन विभाग से अपील की है कि हाथियों के मूवमेंट को नियंत्रित करने के लिए रात में गश्ती दल लगाया जाए और गांव के पास हाथियों को रोकने के उपाय किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post