सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के सदर अस्पताल परिसर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के मौके पर सदर अस्पताल, सरायकेला-खरसावां में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. जुझार मांझी, मनोचिकित्सक डॉ. शालिनी कुमारी, एनसीडी क्लिनिक के चिकित्सक डॉ. अनिर्बान महतो, डीएएलएसए सचिव तौसीफ मेराज, डीपीएम, डीपीसी तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम रही - “सेवाओं तक पहुंच: आपदाओं और आपात स्थितियों में मानसिक स्वास्थ्य”। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, इसके प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और समय पर परामर्श व उपचार की जरूरत पर जोर दिया।
मनोचिकित्सक डॉ. शालिनी कुमारी ने बताया कि डिप्रेशन, तनाव और चिंता जैसी समस्याओं से निपटने के लिए योग और ध्यान बेहद प्रभावी उपाय हैं। वहीं, डीएएलएसए सचिव तौसीफ मेराज ने मानसिक रोगियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी।
साथ ही, आम लोगों को टेली-मैनस (TELE-MANAS) सेवा के तहत मानसिक स्वास्थ्य परामर्श हेतु निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-89-14416 पर संपर्क करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के तहत 10 से 16 अक्टूबर तक जिले के स्कूलों, कॉलेजों और सामुदायिक स्थलों पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।



