चाईबासा व चक्रधरपुर में नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के निमित्त महिला कॉलेज परिसर का अवलोकन किया गया
Chaibasa/Santosh Verma: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत आगामी संभावित नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आज जिला दंडाधिकारी- सह-उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के द्वारा संयुक्त रूप से चाईबासा स्थित महिला कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान द्वय पदाधिकारी के द्वारा महिला कॉलेज परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं और स्ट्रांग रूम व मतगणना कक्ष आदि व्यवस्था का समायोजन के दृष्टिकोण से अवलोकन किया गया।
इस दौरान बताया गया कि जिला अंतर्गत चाईबासा एवं चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र में नगर निकाय का चुनाव आने वाले समय में संभावित है। उसी के आलोक में पुलिस अधीक्षक के साथ जिला अंतर्गत निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के निमित्त महिला कॉलेज परिसर का अवलोकन किया गया है। उन्होंने कहा कि संभावित चुनाव प्रक्रिया का बेहतर तथा निष्पक्ष रूप से संचालन कराने के लिए जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सुनिश्चितता हेतु क्रियाशील है।
उक्त निरीक्षक के दौरान सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी श्री संदीप अनुराग टोपनो, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बंधन लॉन्ग, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, चाईबासा एवं चक्रधरपुर के अंचल अधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद के प्रशासक सहित अन्य उपस्थित रहे।


