मुसाबनी/सुनील कुमार साहू: मुसाबनी से बड़ी खबर सामने आई है। जहां डुमरिया थाना क्षेत्र के बोतला गांव निवासी धान व्यवसायी उत्पल कुमार राणा ने निवर्तमान थाना प्रभारी सुगना मुंडा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि 11 सितंबर की सुबह थाना प्रभारी बिना वर्दी के पुलिस जीप से घर पहुंचे और जबरन उन्हें थाने ले जाकर बेरहमी से पिटाई की।
व्यवसायी का आरोप है कि पिटाई के दौरान 50 हज़ार रुपये की रिश्वत की मांग की गई। रकम नहीं देने पर उन्हें घंटों तक थाने में बैठाकर दबाव बनाया गया और जबरन यह लिखवाया गया कि उन्हें थाना प्रभारी से कोई शिकायत नहीं है।
मारपीट से घायल व्यवसायी को परिजन डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर, घटना वाले दिन ही थाना प्रभारी सुगना मुंडा का तबादला जमशेदपुर कर दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने व्यवसायी पर बैटरी चोरी का आरोप लगाकर कार्रवाई की थी। इस मामले में उनसे पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
इधर, व्यवसायी के साथ हुई मारपीट से आक्रोशित परिजन, ग्रामीण और धान व्यवसायी शनिवार को मुसाबनी डीएसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन डीएसपी से मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद वे एसडीओ से मिले और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की।


