सरायकेला: आदित्यपुर में बीती रात जल आपूर्ति कंपनी के कर्मियों पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार Intra Limited कंपनी की ओर से रोड रिस्टोरेशन का काम शेरे पंजाब और इमली चौक के बीच चल रहा था। इसी दौरान देर रात करीब 12:45 बजे अज्ञात 25-30 लोगों ने अचानक ईंट, पत्थर, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।हमले में कंपनी के सुपरवाइज़र प्रेम राज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक अन्य कर्मचारी चिंटू सिंह को भी पैर में गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने मारपीट के बाद धमकी दी कि अगर काम बंद नहीं किया गया तो सभी का हाल प्रेम राज जैसा होगा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और अन्य कर्मचारी दहशत में वहां से भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई। कंपनी प्रशासन ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है और कामकाज ठप हो गया है।
