चाईबासा/संतोष वर्मा: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे और शोक में डाल दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और गम का माहौल है। डालसा के सचिव श्री राजीव कुमार सिंह इस मामले पर व्यक्तिगत रूप से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने स्थानीय पैरा लीगल वॉलंटियर्स को निर्देश दिया है कि वे पीड़िता के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करें।
सचिव के मार्गदर्शन में PLVs प्रमिला पात्रो और उमर सादिक ने पीड़िता के परिवार से उनके घर और थाना परिसर में मुलाकात की। PLVs ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पूर्ण आश्वासन दिया और POCSO एक्ट-2012 के तहत मिलने वाले मुआवजा, पुनर्वास सहायता, और अन्य कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने परिवार के साथ मिलकर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में मदद की। पीड़िता कक्षा 9 की छात्रा थी और अपने परिवार के बेहद कठिन हालात में रह रही थी। कुछ वर्षों पहले उसके पिता की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां घर पर नाश्ता बेचकर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय थी।डालसा के सचिव राजीव कुमार सिंह ने परिवार को न्याय दिलाने, मुआवजा प्रदान करने, पुनर्वास सहायता, और कानूनी सहयोग सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।
PLVs उमर सादिक और प्रमिला पात्रो इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने और परिवार को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। डालसा की इस पहल से न केवल पीड़िता के परिवार को न्याय मिलने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, बल्कि उनके पुनर्वास और भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
