![]() |
| फोटो- ग्रामीणों की जांच करते डॉक्टर विवेक मिश्रा |
मुसाबनी/गणेश प्रसाद: मुसाबनी प्रखंड के गोहला पंचायत अंतर्गत पुनडुंगरी गांव में डायरिया से दूसरी मौत की घटना हुई। शुक्रवार को सीएचसी के डॉक्टर विवेक मिश्रा के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने प्रभावित 20 परिवारों के सभी सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की। जांच में सभी ठीक पाए गए हैं। इस गांव के कांदरा माडीं नामक (56) वर्षीय एक ग्रामीण की मौत बीते दिन हो गया था। उसके बाद गांव में डायरिया से एक और मौत हो गई। गांव की सलमा टुडू (50) की मौत घाटशिला स्थित स्वर्णरखा नर्सिंग होम में इलाज के दौरान हो गई। सलमा की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए मंगलवार की शाम को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।
गांव में डायरिया फैलने की खबर पर स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की लगातार जांच हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव के चापाकल व कुएं के पानी का नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया। गांव के अलग-अलग चापाकलों व कुंओं से उसके पानी का नमूना लिया गया। लगातार दूसरी मौत के बाद अब गांव के ग्रामीण भी भयभीत है। दूषित पानी व गंदगी के कारण डायरिया फैलने की संभावना जताई जा रही है। प्रभावित इलाके में कई स्थलों पर गंदगी देखी गई। गांव में ब्लीचिंग का भी पूर्व में कभी छिड़काव नहीं हुआ था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डायरिया से बचाव के लिए गांव में साफ सफाई एवं दवाई लेने के लिए लोगों को जागरूक किया। जगह-जगह ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया है।
बुधवार को जिला से स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने पहुंची। टीम में जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. असद व सुशील तिवारी शामिल थे। टीम के सदस्यों ने पुनडुंगरी गांव में घर-घर जाकर लोगों की जांच की और डायरिया फैलने का कारण ढूंढा। इस दौरान कुल पांच लोग डायरिया से पीड़ित मिले थे। जिनके हालत में सुधार होने लगी है।
