अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताएं हुई आयोजित


चाईबासा: विश्व ओलंपिक दिवस 2024 के अवसर पर जिला मुख्यालय चाईबासा में जिला प्रशासन एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में क्राॅस कंट्री रेस, रग्बी, ताइक्वांडो, बैडमिंटन एवं बाॅलीबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्राॅस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी श्रीमती रूपा रानी तिर्की, ओलंपिक संघ अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष नीरज संदवार, महासचिव अजय कुमार नायक एवं संयुक्त सचिव पंकज चिरानिया द्वारा संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर किया गया।


दौड़ बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम के प्रांगण से आरंभ होकर पुलिस लाइन-चर्च रोड-गांधी टोला-मधु बाजार-शहीद पार्क चौक होते हुए पुनः इंडोर स्टेडियम के प्रांगण में समाप्त हुआ। क्राॅस कंट्री दौड़ पुरूष वर्ग में नारायण बिरूवा (मंझारी), सन्नी कोड़ह (सोनुवा), आकाश लागुरी (टोंटो) एवं महिला वर्ग में दिलकी पाड़ेया (सदर), त्रिपुरा प्रधान (चक्रधरपुर), और लक्ष्मी पिंगुवा (कुमारडुंगी) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

रग्बी मैच पुरुष वर्ग में विजेता - रग्बी टीम A और उपविजेता - रग्बी टीम B रही। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 45 KG बालक वर्ग में अर्जुन गागराई, नन्दलाल चातर,चन्दन महतो, महेश जोंको, 48 KG बालक वर्ग में सोनल कुमार,अश्जीत सावन,सोनित कुमार,मोहित कुमार, 46KG बालिका वर्ग में प्रतीक्षा भारती, अनुप्रिया बोदरा, अदिति सावैयां, निशा बिरूवा, 49KG बालिका वर्ग में अनुष्का मुंडरी,यना सोय, कोमल सालुजा, सरस्वती अल्डा ने क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किया। वहीं दूसरी ओर बंदगांव में हाॅकी एवं कुमारडुंगी में तीरंदाजी की प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में माननीय अनुसूचित जाति-जनजाति-पिछड़ा कल्याण एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा एवं जिला के उपायुक्त कुलदीप चौधरी उपस्थित हुए।


अतिथियों का स्वागत संबोधन करते हुए जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि जिला के खेल उपलब्धियों में लगातार वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न खेलों के 200 खिलाड़ियों एवं कोच को सम्मानित किया गया था। इस वर्ष भी विभिन्न खेलों के 270 खिलाड़ियों एवं कोच को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त महोदय ने अपने संबोधन में ओलंपिक संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ओलंपिक संघ सभी खेल विद्या के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है, यथा संभव मदद एवं प्रोत्साहन करते रहेंगे। अंत में अतिथियों के द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला प्रशासन एवं जिला ओलंपिक संघ लगातार जिला में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन हेतु खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करता रहता है। आयोजन को सफल बनाने में पिंटू अग्रवाल, मुकेश मोदी, दीपक पासवान, अर्जुन बानरा, कश्मीर कान्डेयांग, पंकज सिंह, अनुराग शर्मा, शांतनु महतो, बिजय सिंह बाड़ा, अर्जुन महाकुड़, प्रीति महतो, संजीव कुमार बाहांदा, लखिन्द्र पाल, गुरूचरण कुदादा, बैगो पुरती, मुकुंद बानरा, दामोदर जामुदा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post