चाईबासा : तांतनगर प्रखंड अंतर्गत चिटीमिटी-खासपोखरिया सड़क की बदहाली से स्थानीय ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सात किलोमीटर लंबी यह सड़क करीब दस वर्षों से इस हालत में हैं। इस कारण आने-जाने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
झारखंड पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष रेयांस सामड ने मंगलवार को इलाके का दौराकर ग्रामीणों के साथ जर्जर सड़क का निरीक्षण किया। तत्पश्चात उन्होंने कहा कि सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। इसे अविलंब जिर्णोद्धार की जरूरत है।
लेकिन पिछले दस वर्षों से स्थानीय विधायक का इस समस्या की ओर ध्यान नहीं है। जबकि वे इसी सड़क से आना-जाना करते हैं। फिर भी उनकी कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। सांसद का भी यही हाल है। सड़क के प्रति उनकी उपेक्षा भी ऐसी ही है। ऐसे में ग्रामीण किससे गुहार लगाये।
श्री सामड ने कहा कि सड़क की अनदेखी ऐसी ही जारी रही, तो अगले चुनाव में यहां के लोग मतदान का बहिष्कार अवश्य करेंगे। श्री सामड ने कहा कि पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां जिले में तो सड़कों का जाल बिछ रहा है। लेकिन अपने जिले की सड़कें खराब हैं। रेयांस सामड ने कहा कि चिटीमिटी-खासपोखरिया सड़क की समस्या से जल्द ही जिला प्रशासन को अवगत कराया जायेगा।
