सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : समाहरणालय में उपायुक्त श्री रवि शंकर शुक्ला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "चलो करें आवास पूरा अभियान" तथा "स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा" अभियान की सफल संचालन को लेकर सम्बन्धित विभागीय पदाधिकारी एवं पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधिगण के साथ बैठक की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सर्वप्रथम "चलो करें आवास पूरा अभियान" के सफल संचालन को लेकर जिले के विभिन्न पंचायतो में लंबित आवास को पूर्ण करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि लंबित आवास को पूर्ण करने हेतु लाभुकों के साथ संपर्क स्थापित करते हुए आवास पूर्ण करने हेतु उन्हें प्रेरित करें। आवश्यकता अनुसार विभाग स्तर से उनकी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सप्ताह के प्रत्येक बृहस्पतिवार को प्रखंड स्तर पर लाभुक दिवस आयोजित कर योजना सम्बन्धित त्रुटियों को दूर करे।
बैठक में "स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान" के बारे में भी चर्चा हुई। उपायुक्त नें अभियान के सफल संचालन हेतु विभिन्न माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सार्वजनिक शौचालय, मुख्य चौक चौराहा, पर्यटन स्थल, तथा हाट बजार इत्यादि में श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित करने हेतु उन्होंने दिशा निर्देश दिए। सभी विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर, पंचायतो में जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति लोगो को जागरूक करने के लिए भी उन्होंने निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पंचायत जनप्रतिनिधियों से भी वार्ता की।
उन्होंने कहा अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाने तथा अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में आवास योजना के लाभुको को लंबित आवास पूर्ण करने हेतु प्रेरित करने तथा "स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा" अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं। तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दोनों अभियान के नियमित अनुश्रवण करने तथा अभियान के तहत की जाने वाले गतिविधियों एवं कार्य प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन प्रतिदिन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने निर्देश दिए।
इससे पहले सरायकेला पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रंजीत ठाकुर ने "स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान" के तहत 15 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2023 तक की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार गागराई, सभी पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि (जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य एवं अन्य ), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड समन्वयक आवास योजना एवं अन्य उपस्थित थे।
