सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र अंतर्गत सदर अस्पताल के निकट मुख्य सड़क के किनारे पेयजलापूर्ति का राइजिंग पाइप डैमेज होने के कारण पिछले 3 दिन से पेयजल के लिए लोग पानी पानी हो रहे हैं।
यहां तक कि पाइपलाइन जलापूर्ति बाधित होने के कारण लोग कुआं, चापानल से पानी लेने को मजबूर हैं। कहीं-कहीं नगर पंचायत द्वारा टैंकर से भी लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। पाइपलाइन जलापूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं।
विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि स्थानीय विधायक सह मंत्री चंपाई सोरेन ने 12 घंटे के अंदर पेयजलापूर्ति चालू करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है। डैमेज पाइप को ठीक करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। जिला पदाधिकारी पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी भी फील्ड में जमे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जानबूझकर बिल्डर हाउस द्वारा पाइप डैमेज किया गया जिससे पेयजलापूर्ति बाधित हुई। जनता पेयजल के लिए परेशान है।
इस संबंध में नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र गुप्ता ने मीडिया को बताया कि सुबह से ही युद्ध स्तर पर डैमेज पाइप को ठीक कराने का कार्य कराया जा रहा है। और प्रयास है कल (मंगलवार) से पानी सप्लाई को रिस्टोर किया जाय। पाइप लाइन डैमेज के संबंध में उन्होंने कहा कि जिनके नाम से भवन का नक्शा पास किया गया है,(मनोज कुमार चौधरी) उनको नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना जानकारी दिए इस तरह का कार्य किया गया है। जिसके कारण पाइपलाइन डैमेज हुआ। वह अपने खर्च पर रिस्टोर करें। उनको समय दिया गया है। वह रीस्टोरेशन की कार्रवाई कर रहे हैं।
इधर अधिवक्ता जलेश कवि ने कहा कि मुख्य सड़क के किनारे जहां बिजली पोल, पाइपलाइन है। वहां नियम को ताक पर रखकर पाइपलाइन डैमेज करना गंभीर मामला है। इससे काफी संख्या में जनता प्रभावित है। पेयजल के लिए लोग परेशान हैं।


