सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : जिला मुख्यालय सरायकेला में प्रभु जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा की रथ खींचने के लिए भक्त श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। और चारों ओर रथ यात्रा का उल्लास है।
इससे पहले भगवान कालिया, बलभद्र, सुभद्रा को लिए भक्तगण श्री मंदिर से रथ चौक तक पहुंचे। इस दौरान रास्ते में राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने छेरापोहंरा की रस्म अदा की। रथ चौक में तीनों जियु एवं रथ की पंडितों ने पूजा अर्चना की।
इसके बाद विधि-विधान पूर्वक पंडितों ने प्रभु कालिया, बलभद्र, सुभद्रा को रथ में विराजमान किया। जय जगन्नाथ जय घोष के साथ रथ मौसीबाड़ी के लिए निकली। भक्त श्रद्धालु रथ खींचने में आतुर दिखे। ढोल नगाड़ा शंख ध्वनि से माहौल भक्तिमय प्रतीत हो रहा था। रथ चौक से बड़दांड़ तक अल्पना शोभा दे रहा था।
इस दौरान प्रभु की रथ बड़दांड (गोपोबंधु चौक) में रुकी। जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव, राजेश मिश्रा, सुदीप पटनायक, शंकर सतपथी, आदि सदस्यगण सक्रिय दिखे। रात को यहां भजन संध्या की कार्यक्रम हुई। लोगों ने इसका रसास्वादन किया।
बुधवार को रथ में विराजमान प्रभु के दर्शन के लिए बड़दांड़ में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई। यहां से प्रभु जगन्नाथ अपने भाई बहन के साथ रथ में आज मौसीबाड़ी पहुंचे। थाना चौक पर स्थित गुंडिचा मंदिर (मौसीबाड़ी) में प्रभु का भव्य स्वागत हुआ। जगन्नाथ मेला समिति द्वारा यहां भव्य मेला भी लगाया गया है।
इससे पहले यहां रथ मेला का अनुमंडल पदाधिकारी रामकृष्ण ने उद्घाटन किया। मौके में जगन्नाथ मेला समिति के अध्यक्ष मनोज चौधरी भाजपा नेता गणेश महाली एवं सदस्यगण उपस्थित थे। चारों ओर रथ यात्रा का उल्लास रहा।






