इसरानी सोरेन की घातक गेंदबाजी, पश्चिमी सिंहभूम ने जामताड़ा को 10 विकेट से हराया


चाईबासा : झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बोकारो में खेले जा रहे अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में आज पश्चिमी सिंहभूम ने इसरानी सोरेन की घातक गेंदबाजी की बदौलत जामताड़ा को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। इस प्रकार लीग मैच के अपने पहले दोनों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ पश्चिमी सिंहभूम की टीम ग्रुप में पहले स्थान पर है। पश्चिमी सिंहभूम का अंतिम लीग मैच 11 अप्रैल को सिमडेगा से है और अगर टीम यह मैच जीत जाती है तो इसका सुपर डिवीजन में क्वालीफाई करने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।


बोकारो के बी० एस० एल० स्टेडियम में खेले गए आज के मैच में टॉस एक बार फिर विपक्षी टीम के कप्तान ने जीता तथा पहले स्वयं बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हलांकि पहले मैच में टॉस हारने के बाद कप्तान प्रियंका सवैयाँ ने आज बदलाव के तौर पर टॉस के लिए उपकप्तान रश्मि गुड़िया को भेजा परंतु किस्मत आज फिर पश्चिमी सिंहभूम को दगा दे गई। 
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जामताड़ा की पूरी टीम 33.4 ओवर में मात्र 52 रन जुटाकर आल आउट हो गई। जामताड़ा की ओर से लक्ष्मी पुरती ने सर्वाधिक 10 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। पश्चिमी सिंहभूम की ओर से मध्यम तेज गेंदबाज़ इसरानी सोरेन ने अपने 9 ओवरों में मात्र 11 रन देकर पाँच खिलाड़ियों को चलता किया।कप्तान प्रियंका सवैयाँ एवं अंजलि दास ने दो-दो विकेट अपने नाम किए जबकि चाँदमुनी पुरती को एक विकेट मिला। जीत के लिए आवश्यक रन को पश्चिमी सिंहभूम के बल्लेबाजों ने मात्र 6.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए आसानी से प्राप्त कर लिया। दोनों उद्घाटक बल्लेबाजों में कप्तान प्रियंका सवैयाँ ने पाँच चौकों की मदद से 29 नाबाद एवं वामहस्त बल्लेबाज अनामिका कुमारी ने दो चौकों की मदद से 18 नाबाद रन बनाए। पश्चिमी सिंहभूम की इसरानी सोरेन को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए वुमेन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक चरणजीत कौर ने प्रदान की। इधर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री मुकुंद रुंगटा एवं अवैतनिक महासचिव असीम कुमार सिंह ने टीम के अच्छे प्रदर्शन के लिए पूरी टीम को बधाई दी है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post