डीसी की अध्यक्षता में हुई एससी एसटी अत्याचार निवारण जिला स्तरीय समिति की बैठक,पीड़ितों को मुआवजा भुगतान करने का निर्णय
सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अरवा राजकमल की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति ,अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई जिसमें पीड़ितों को प्रथम किश्त के रूप में मुआवजा का भुगतान करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपायुक्त अरवा राजकमल ने कहा कि एससी एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ित परिवार को सशक्त बनाने तथा अधिनियम का व्यापक प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का उद्देश्य से संभावित क्षेत्र में वर्कशॉप आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कुल 5 मामलों पर बिंदुवार चर्चा हुई। इसमें चांडिल थाना क्षेत्र के दो मामले के अलावे नीमडीह थाना क्षेत्र के एक, आदित्यपुर से एक एवं ईचागढ़ से एक मामला शामिल है। बैठक में सर्वसम्मति से पीड़ितों को प्रथम किश्त के रूप में 25-25 हजार रुपये मुआवजे का भुगतान करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक संदीप कुमार दराईबुरू, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय चंदन कुमार वत्स, जिला कल्याण पदाधिकारी लक्ष्मण हरिजन, विधायक प्रतिनिधि, सहित सदस्यों की उपस्थिति रही।

