ईचागढ़ थाना क्षेत्र में 12 एकड़ में फैली अफीम खेती को पुलिस ने किया नष्ट
सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : अफीम की खेती के खिलाफ छापामारी अभियान चलाकर चांडिल अनुमंडल के अंतर्गत ईचागढ़ थाना क्षेत्र में 12 एकड़ में फैली अफीम खेती को नष्ट कर सरायकेला खरसावां जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुटुंब पहाड़ के पास सीतानाला जंगल क्षेत्र में अलग-अलग भूखंड पर करीब 12 एकड़ में अफीम की खेती है। सूचना के आलोक में पुलिस ने ग्राम बेड़ा एवं जोगागाड़ा के निकट भी छापामारी अभियान चलाया।
चांडिल एसडीपीओ संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चलाया छापामारी अभियान ।
कुछ दिन पूर्व ईचागढ़ पुलिस द्वारा शांति समिति की बैठक कर ग्रामीणों को अफीम खेती से दूर रहने की नसीहत दी थी। अफीम खेती के विरुद्ध चलाए गए इस अभियान में ईचागढ़ थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक शिवा यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल एवं सशस्त्र बल के करीब 50 जवान शामिल थे।

