सात अक्टूबर को कांग्रेस निकालेगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च

 सात अक्टूबर को कांग्रेस निकालेगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च



लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए होगा जिला स्तरीय मार्च : सोनाराम सिंकु

संतोष वर्मा

चाईबासा : लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा एवं संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के संकल्प के साथ कांग्रेस आगामी सात अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकालेगी। इसको लेकर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। प्रेस-वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा तथा मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस आम जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रभारी प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र सोनकर ने कहा कि कांग्रेस देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ एवं ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मार्च को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने की अपील की।वहीं राजद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों एवं संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च में राजद कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

नेताओं ने बताया कि सात अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय मार्च के माध्यम से आम जनता के बीच लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव एवं वयस्क मताधिकार के संवैधानिक महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कांग्रेस ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी लोगों से मार्च में भाग लेने की अपील की। प्रेस-वार्ता में प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां , रईस रिजवी छब्बन, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कामगार जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान एवं शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post