पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग,जगन्नाथपुर लायंस को पराजित कर मनोहरपुर बना चैंपियन
उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता टीम को तथा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ-साथ क्रमशः दस लाख एवं पाँच लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया
संतोष वर्मा
चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के फाईनल मैच में मनोहरपुर लायंस ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को एकतरफा मुकाबले में सात विकेट से पराजित कर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के फाईनल मैच में टॉस मनोहरपुर लायंस के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 185 रनों का स्कोर खड़ा किया। जगन्नाथपुर की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज निकेत सिंह ने 59, युवराज कुमार ने नाबाद 42 रन, रौशन कुमार ने 32 तथा कुलदीप मंडल ने 20 रन बनाए। मनोहरपुर लायंस की ओर से सुप्रियो चक्रवर्ती ने 36 रन देकर तीन तथा सुधांशु पाल ने 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस की टीम ने 15.5 ओवर में मात्र तीन विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मनोहरपुर लायंस की ओर से पंकज कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 23 गेंदों पर एक चौका एवं नौ छक्के की सहायता से 61 नाबाद रनों की पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अन्य बल्लेबाजों में सुप्रियो चक्रवर्ती ने दो चौके एवं पाँच छक्के की मदद से नाबाद 41, कप्तान अनुराग संजय ने 41 एवं अभिषेक नाथ ने 31 रन बनाए। जगन्नाथपुर लायंस की ओर से युवराज कुमार ने 51 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता टीम को तथा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ-साथ क्रमशः दस लाख एवं पाँच लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। फाईनल मैच के मैन आफ द मैच का पुरस्कार विजेता टीम के पंकज कुमार को उपविकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने तथा मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार स्वरुप स्कूटी की चाभी मनोहरपुर लायंस के ही सुप्रियो चक्रवर्ती को उपायुक्त ने प्रदान किया। पूरे प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार चाईबासा चैलेंजर्स के सचिन दूबे को तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के लिए मनोहरपुर लायंस के तन्मय तंतुबाई को सहायक समाहर्ता इरा जोरवाल ने प्रदान किया।



