उपायुक्त मनीष कुमार ने सपरिवार किया समीज आश्रम का भ्रमण, पर्यटन सुविधाओं का लिया जायजा

 उपायुक्त मनीष कुमार ने सपरिवार किया समीज आश्रम का भ्रमण, पर्यटन सुविधाओं का लिया जायजा

संतोष वर्मा

चाईबासाः पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी-सह- उपायुक्त मनीष कुमार ने सपरिवार मनोहरपुर प्रखंड स्थित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल समीज आश्रम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटकीय सुविधाओं का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने आश्रम परिसर की स्वच्छता, पर्यटकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा स्थल की समग्र व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समीज आश्रम प्राकृतिक सौंदर्य एवं आध्यात्मिक आस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।



उपायुक्त ने आश्रम के समीप स्थित पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक मरम्मती कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया, ताकि आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बना रहे। उन्होंने मरम्मती कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समीज आश्रम एवं आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। साथ ही, स्थल की प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्ता को संरक्षित रखते हुए पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में भी आवश्यक पहल सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post