36 घंटे की बारिश से सारंडा बेहाल, बोकना में लोहा पुलिया डूबी

 36 घंटे की बारिश से सारंडा बेहाल, बोकना में लोहा पुलिया डूबी




संतोष वर्मा

चाईबासाः बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती सारंडा क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले करीब 36 घंटे से गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु सहित आसपास के पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश, तेज ठंडी हवाओं और घने कोहरे का दौर जारी है। लगातार खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और ठंडी हवाओं का असर आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों पर भी पड़ा है। बारिश के बीच बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंचते नजर आए। वहीं, बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। लगातार बारिश के कारण दुकानदारों की बिक्री भी प्रभावित हुई है। इधर, 36 घंटे से हो रही बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है। पुलिया के ऊपर से कारो नदी का पानी बह रहा है। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए गुवा प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान इसे पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और नदी-नालों के समीप नहीं जाने की अपील की है। साथ ही मछली पकड़ने के लिए नदी में नहीं जाने की भी चेतावनी दी गई है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post