आनंदपुर बाजार, साप्ताहिक हाट एवं निर्माणाधीन पुल का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

आनंदपुर बाजार, साप्ताहिक हाट एवं निर्माणाधीन पुल का उपायुक्त ने किया निरीक्षण




छठ महापर्व को लेकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश



संतोष वर्मा

चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने आनंदपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में आनंदपुर साप्ताहिक बाजार, मुख्य बाजार क्षेत्र, छठ घाट, निर्माणाधीन पुल एवं उसके डायवर्सन का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साप्ताहिक बाजार के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाजार में उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जर्जर शेड की स्थिति को देखते हुए उसके स्थान पर नए शेड का निर्माण कराने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि बाजार में आने वाले दुकानदारों एवं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने आनंदपुर मुख्य बाजार के समीप निर्माणाधीन पुल एवं उसके लिए बनाए गए डायवर्सन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं वर्तमान व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि निकट भविष्य में छठ महापर्व आयोजित होना है। ऐसे में निर्माणाधीन पुल एवं डायवर्सन के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छठ घाट तक श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आनंदपुर मुख्य बाजार की सड़क के सुदृढ़ीकरण तथा जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क एवं नाली व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post