सलाई व डेरवां में गुवा गोलीकांड के शहीदों को सांसद जोबा माझी व विधायक जगत माझी ने दी श्रद्धांजलि

 सलाई व डेरवां में गुवा गोलीकांड के शहीदों को सांसद जोबा माझी व विधायक जगत माझी ने दी श्रद्धांजलि



शहीदों के संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प



संतोष वर्मा

Chaibasa: गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए हर वर्ष की भांति मंगलवार को सारंडा के सलाई व गोइलकेरा के डेरवां चौक स्थित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक के जगत माझी ने शहीद वेदी पर विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्य को याद करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन हक और अधिकारों के लिए हमारे लोगों ने आंदोलन किया और अपनी कुर्बानी दी, उस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्प लेना होगा। सांसद ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एकजुट होकर ही अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों की रक्षा की जा सकती है। वहीं विधायक जगत माझी ने कहा जल, जंगल और जमीन से हमारा अस्तित्व है, इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। यहां निवास करने वाले लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना और जल, जंगल, जमीन पर अधिकार दिलाना है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम, निखिल साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post