गुवा गोली काण्ड में हुए वीर शहीदों को जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने किया नमन, पत्नी के साथ दिया श्रद्वांजली
झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि व शांति के लिए किया पूजा-अर्चना
कहा उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकार, जल-जंगल-जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगीः विधायक सोनाराम सिंकु
संतोष वर्मा
Chaibasa: गुवा के वीर शहीदों को नमन करते हुए जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु कांग्रेसियों के साथ गुवा स्थित शहीद स्थल पहुंचे।इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने गुवा के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि गुवा के वीर शहीदों का बलिदान झारखंड की संघर्षशील पहचान और जनअधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण अध्याय है। शहीदों के त्याग और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकार, जल-जंगल-जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर शांति, विकास और सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ना होगा।उन्होंने कहा कि गुवा गोलीकांड के वीर शहीदों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनके इस बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। झारखंड के इतिहास में गुवा के शहीदों का नाम हमेशा अमर रहेगा। आज की युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से शहीदों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी। शहीदों ने जो सपना देखा था, उसे पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु के साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला-पुरुष और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से गुवा शहीद स्थल की ओर रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव देखने को मिला।



