प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय मनोहरपुर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति और कार्यालयीय कार्यप्रणाली का लिया जायजा
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है
संतोष वर्मा
चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय- मनोहरपुर का निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर पहुंचने पर स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा उपायुक्त का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों से संबंधित पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में लंबित एवं निष्पादित कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने कार्यालय में कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति, संख्या, कार्य आवंटन एवं दायित्वों के निर्वहन की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालयीय कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा आमजनों से संबंधित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं हो। उन्होंने कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को सुगम एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
पलाश दीदी कैफे और बर्तन बैंक का भी किया अवलोकन
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित पलाश मार्ट, पलाश दीदी कैफे एवं बर्तन बैंक का भी अवलोकन किया। उन्होंने दीदियों से कैफे एवं बर्तन बैंक के संचालन, आय-व्यय तथा गतिविधियों की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना की। उपायुक्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित को निर्देश दिया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पलाश दीदी कैफे के संचालन की पहल
निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पलाश दीदी कैफे के संचालन की संभावना के संबंध में भी उपायुक्त के समक्ष जानकारी एवं प्रस्ताव रखा गया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित सक्षम प्राधिकार से आवश्यक समन्वय एवं वार्ता करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उपयुक्त स्थानों पर पलाश दीदी कैफे के संचालन से एक ओर जहां स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए स्थायी आय एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल स्तर पर संचालित प्रशासनिक कार्यों की नियमित निगरानी, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।



