कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय- मनोहरपुर का उपायुक्त मनीष कुमार ने किया निरीक्षण

 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय- मनोहरपुर का उपायुक्त मनीष कुमार ने किया निरीक्षण




विद्यालय परिसर, भोजन व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश




संतोष वर्मा

चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त मनीष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय- मनोहरपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचनाओं के संबंध में विद्यालय प्रबंधन से जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय परिसर के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने किचन का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने रसोईघर में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया तथा छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। उन्होंने भोजन निर्माण के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा छात्राओं को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही, भोजन तैयार करने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए रसोई गैस की उपलब्धता एवं समय पर गैस रिफिल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित को दिया। इसके पश्चात उपायुक्त ने विद्यालय के डाइनिंग स्पेस का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के भोजन करने की व्यवस्था, उपलब्ध स्थान तथा परिसर की स्वच्छता का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं के लिए भोजन करने का स्थान स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रहे तथा नियमित रूप से इसकी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने परिसर में आवागमन को सुगम बनाने एवं जलजमाव जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग मद से फेवर ब्लॉक बिछाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में छात्राओं के आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर बेहतर सतह एवं सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने विद्यालय में स्थापित सोलर पैनल की स्थिति का भी जायजा लिया। खराब पड़े सोलर पैनल को शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि उपलब्ध वैकल्पिक ऊर्जा संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

विद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान छत से पानी के रिसाव की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए छत की आवश्यक मरम्मती एवं जल रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित को निर्देशित किया कि भवन की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक मरम्मती कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भवन सुरक्षित एवं उपयोगी बना रहे। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में जल मीनार के अधिष्ठापन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को पर्याप्त एवं सुगम पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने पेयजल स्रोतों की नियमित देखरेख एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्राओं की सुविधा से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल की उपलब्धता, भवन की मरम्मती तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए छात्राओं के लिए ऐसा वातावरण विकसित किया जाए, जहां वे निर्बाध रूप से अध्ययन कर सकें और उन्हें आवासीय जीवन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post