पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला स्तरीय "खेलो झारखंड" प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ

 पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला स्तरीय "खेलो झारखंड" प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ



पुलिस केंद्र चाईबासा में खेल प्रतिभाओं का दिखा उत्साह, उपायुक्त ने कहा- पढ़ाई के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें



संतोष वर्मा

चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय "खेलो झारखंड" प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को पुलिस केंद्र, चाईबासा में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित बालक-बालिकाओं ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ भाग लिया।

समारोह का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक  प्रवीण कुमार सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह स्थल पर अतिथियों के आगमन पर उनका बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह के पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके उत्साह एवं खेल भावना की सराहना की। इसके बाद अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के प्रारंभ होते ही खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों एवं उनके साथ आए शिक्षक-प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

*◆ प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ले रहे भाग*

जिला स्तरीय "खेलो झारखंड" प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग के स्कूली बालक एवं बालिकाएं भाग ले रहे हैं। जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता एवं चयनित रहे खिलाड़ियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं हॉकी सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

*"खेल और खिलाड़ी देश की जरूरत"- उपायुक्त*

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "खेल और खिलाड़ी देश की जरूरत हैं। खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और निरंतर मेहनत की भावना विकसित करता है।" उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी पूरी गंभीरता एवं लगन के साथ अपनाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करें और अपनी मेहनत के बल पर पश्चिमी सिंहभूम जिले एवं झारखंड राज्य का नाम रोशन करें। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा जीत-हार से ऊपर उठकर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ी भविष्य में जिले, राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है।

*◆ उप विकास आयुक्त ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह*

उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान पूरी खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रदर्शन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

*◆ खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिलेगा अवसर*

चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में खेल प्रतिभाओं की समृद्ध परंपरा रही है। जिले के युवाओं में विभिन्न खेल विधाओं के प्रति विशेष प्रतिभा और रुचि है। ऐसे आयोजन इन प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों में भी प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रखंडों से आए प्रतिभागियों ने अपने-अपने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया। जिला स्तरीय "खेलो झारखंड" प्रतियोगिता 2026-27 न केवल विद्यालयी विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगिता के माध्यम से उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे राज्य एवं उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post