Chaibasa News: विशेष ग्राम सभा में सबकी योजना सबका विकास स्वच्छ एवं हरित पंचायत की योजनाओं पर मंथन



चाइबासा/संतोष वर्मा: शनिवार को गुवा रामनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में पूर्वी पंचायत मुखिया चांदमनी लागुरी की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में गुवा पूर्वी पंचायत को सबकी योजना सबका विकास, स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायत बनाने के उद्देश्य से जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) के तहत विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता देने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पेंशन योजना का लाभ पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली एवं सोख्ता पीट का निर्माण कराने, व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने तथा सड़क किनारे दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए दोनों ओर उगी झाड़ियों की कटाई कराने पर मंथन किया गया। नदी किनारे दुर्घटनाओं से बचाव के लिए संभावित संवेदनशील स्थानों पर कांटेदार तार लगाने तथा कचरा प्रबंधन के लिए आवश्यक स्थानों पर डस्टबिन की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया।


ग्राम सभा में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने, हर घर नल-जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने सहित क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार अन्य विकास योजनाओं को चिन्हित कर जीपीडीपी में शामिल करने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित ग्रामीणों एवं सदस्यों ने पंचायत के समग्र विकास के लिए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने पर जोर दिया। इस अवसर पर नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पूर्वी पंचायत मुखिया चांदमनी लागुरी, उप मुखिया सुनीता सामद, वार्ड सदस्य जानों चातर, ग्राम पंचायत की कलेक्टर गीता देवी, फ्रोंट लाइन वर्कर पदमा केसरी, टीआरआई से अनुराधा राव, भीएलई से तापस दास, वन विभाग के प्रधान वनरक्षी योगेश सिंकु सहित जेएसएलपी की महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post