Chaibasa News: स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव पर वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह का भव्य आयोजन



शिक्षा, खेल, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा- विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं विद्यार्थी


चाइबासा/संतोष वर्मा: स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव के अवसर पर मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त मनीष कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार तथा रूंगटा परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री मुकुंद रूंगटा ने भाग लिया। समारोह में विद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा के साथ खेलकूद, अनुशासन, प्रतिभा सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर स्थित स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात खेलकूद महोत्सव की मशाल जलाकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इसके उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री मनीष कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार एवं रूंगटा परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री मुकुंद रूंगटा को सम्मानित किया गया।


◆ खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के साथ अतिथियों व शिक्षकों ने भी दिखाई प्रतिभा

वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, साथ ही इसमें उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने भी अपनी सहभागिता की। इनमें रस्साकशी, तीरंदाजी, बाल पासिंग, हॉट पोटेटो, गुब्बारा फोड़न तथा विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


◆ एनसीसी कैडेटों का शानदार मार्च पास्ट रहा आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेटों द्वारा शानदार एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। कैडेटों की कदमताल, अनुशासन और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। मार्च पास्ट के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रदर्शन हुआ। इसके साथ ही विद्यालय में शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


◆ स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की दूरदर्शी सोच का परिणाम है विद्यालय - उपायुक्त

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय की चरणबद्ध प्रगति काबिले तारीफ है। उन्होंने विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है कि आज यह विद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि जीवन में शिक्षा का महत्व सर्वोपरि है। शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ उसे समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की क्षमता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने विविध क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे विद्यालय की गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भीतर सीखने की जिज्ञासा और आगे बढ़ने का संकल्प हमेशा बनाए रखना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय का परिसर सिर्फ एक इमारत नहीं होता, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र होता है। यहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है। ऐसे अवसर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


◆ हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति लगाए एक वृक्ष - उपायुक्त

अपने संबोधन के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने आसपास कम से कम एक वृक्ष लगाए और लगाए गए वृक्ष की सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को संरक्षित कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दूत बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से जिले के हरित क्षेत्र में वृद्धि की जा सकती है।

उपायुक्त ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण, जलवायु और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से सीधे जुड़े हैं। इसलिए विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। समारोह ने स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के शिक्षा के प्रति समर्पण और दूरदर्शी सोच को स्मरण करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया। साथ ही पत्रिका यूथिका- 2026 का उपस्थित अतिथियों के द्वारा लोकार्पण किया गया एवं राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 "खेलेगा भारत- जीतेगा भारत" का शपथ लिया गया तथा कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post