त्रिस्तरीय पंचायत(आम) निर्वाचन- 2027 के लिए मतदान केंद्रों का प्रारूप प्रकाशन 01 से 08 सितंबर तक
मतदान केंद्रों के प्रारूप पर 08 सितंबर तक संबंधित प्रखंड कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं आपत्ति/दावा/सुझाव
संतोष वर्मा
सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग- झारखंड, रांची के आलोक में त्रिस्तरीय पंचायत(आम) निर्वाचन- 2027 के निमित्त पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदान केंद्रों के प्रारूप का प्रकाशन निर्धारित स्थानों पर किया जा रहा है। उक्त तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने बताया कि पंचायत निर्वाचन- 2027 के लिए प्रस्तावित मतदान केंद्रों का प्रारूप दिनांक 01 सितंबर 2026 से 08 सितंबर 2026 तक प्रकाशित रहेगा। मतदान केंद्रों का प्रारूप जिले के संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय एवं जिला समाहरणालय में आम नागरिकों के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को प्रकाशित मतदान केंद्रों के प्रारूप के संबंध में कोई आपत्ति, दावा अथवा सुझाव प्रस्तुत करना हो, तो वे निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित प्रखंड कार्यालय में लिखित रूप में अपनी आपत्ति/दावा/सुझाव दर्ज करा सकते हैं।जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र से संबंधित मतदान केंद्रों के प्रारूप का अवलोकन करें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के भीतर अपनी आपत्ति, दावा अथवा सुझाव संबंधित प्रखंड कार्यालय में प्रस्तुत करें। प्रकाशन अवधि समाप्त होने के उपरांत किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
