टोंटो-रेंगड़ाहातु पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को लेकर उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
लोकेसाई में भू-अर्जन कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, सीमांकन के आधार पर चिन्हित भूमि की कराई मापी
संतोष वर्मा
Chaibasaः पश्चिमी सिंहभूम जिले में बेहतर सड़क संपर्क एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने लोकेसाई क्षेत्र में टोंटो-रेंगड़ाहातु पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए किए जा रहे भू-अर्जन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री जयप्रकाश नारायण, भू-अर्जन कार्यालय के अमीन, भवन प्रमंडल के अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने स्थल पर पहुंचकर सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए प्रस्तावित भू-अर्जन क्षेत्र की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सीमांकन के माध्यम से चिन्हित की गई भूमि का विभिन्न स्थलों पर मापी कार्य भी अपनी उपस्थिति में करवाया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों से भू-अर्जन की प्रक्रिया, चिन्हित भूमि तथा सड़क के प्रस्तावित विस्तार से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
उपायुक्त मनीष कुमार ने स्थल पर भू-अर्जन से संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप गति प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि सीमांकन एवं मापी कार्य में पूर्ण स्पष्टता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
टोंटो-रेंगड़ाहातु पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क के सुदृढ़ होने से स्थानीय ग्रामीणों सहित आमजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।जिला प्रशासन द्वारा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थल निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से हो।

