Breaking: चौपारण में अफीम तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में अपराधी घायल, दो गिरफ्तार


हजारीबाग/चौपारण: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की कथित खरीद-फरोख्त और हथियारबंद आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को हथिया बाबा मंदिर के समीप हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी अजय सिंह गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने मौके से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ लोग हथियार के साथ मौजूद हैं और अफीम की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में छापेमारी की।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पेट में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह, निवासी चापी गांव, बाराचट्टी थाना क्षेत्र, गया (बिहार) के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और अफीम बरामद करने की जानकारी दी है। हालांकि, बरामद अफीम की कुल मात्रा के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान पुलिस ने अभी सार्वजनिक नहीं की है। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पुलिस अफीम तस्करी और हथियारों से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post