विशेष गहन पुनरीक्षण के सफल क्रियान्वयन को लेकर सांसद कालीचरण मुंडा ने किया बूथ का निरीक्षण
संतोष वर्मा
Chaibasa : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत गुरुवार को चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-98, स्थित श्री मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय, चाईबासा का खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने बीएलए-दो त्रिशानु राय के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने बूथ पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा बीएलओ मनीषा दास से गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं से संपर्क, प्रपत्रों के संकलन एवं उनके डिजिटलाईजेशन की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित कार्यों की सराहना करते हुए अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा संबंधित को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य संपन्न करने के लिए कहा।सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर अपने प्रपत्र जमा करने की अपील की, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर बीएलओ वॉलिंटियर एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल चंद्र त्रिपाठी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मेवा लाल होनहागा तथा बीएलओ सुपरवाईजर राकेश कुमार सिंह सहित कांग्रेस जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर , जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई आदि उपस्थित रहे।
