चाईबासा/संतोष वर्मा: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या शबनम परवीन ने दो दिवसीय पश्चिमी सिंहभूम दौरे के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सदर अस्पताल के कुपोषण उपचार केंद्र (एनआरसी), खूंटपानी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) केंद्रों तथा मॉडल आंगनबाड़ी प्री-नर्सरी स्कूल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
एनआरसी में उन्होंने भोजन की गुणवत्ता सुधारने, मेन्यू प्रदर्शित करने और लाभुकों को प्रोत्साहन राशि समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खूंटपानी क्षेत्र में पीडीएस लाभुकों से बातचीत के दौरान कम राशन मिलने की शिकायत पर अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर बकाया राशन मुआवजे सहित उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान ई-पॉस मशीन में अंगूठे का निशान नहीं मिलने से वृद्ध लाभुकों को हो रही परेशानी के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं किलीगोट मॉडल आंगनबाड़ी में बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मानक के अनुसार अंडा नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए नियमित पोषाहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
परिसदन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित शिकायतों का 10 दिनों के भीतर निष्पादन, पात्र लोगों का राशन कार्ड शीघ्र बनाने तथा आकस्मिक खाद्यान्न कोष के प्रभावी उपयोग के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर उपायुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
