सरायकेला: सरायकेला जिले के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित उषा मोड़ चौक के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार टेंपो (JH05DL 3684) अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इस सड़क हादसे में टेंपो सवार कई लोग घायल हो गए। हालांकि बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार टेंपो में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं, एक युवक, एक बुजुर्ग और चालक शामिल था। हादसे में एक बुजुर्ग, एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। ख़बर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री भोलाडीह के रहने वाले हैं। वे अपने एक परिजन को देखने टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) जा रहे थे। परिजन पहले से ही एक सड़क दुर्घटना में घायल होकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती था, लेकिन परिजन के मौजूद नहीं होने के कारण उसे टीएमएच में भर्ती कराने के लिए सभी लोग जा रहे थे। इसी दौरान उषा मोड़ चौक के पास टेंपो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टेंपो डिवाइडर पर चढ़ गया।
हादसे के बाद मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजने में मदद की। समय रहते स्थानीय लोगों की मदद और राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
