चाईबासा: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को ऑनलाइन माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रपत्र वितरण, ऑनलाइन प्रविष्टि और कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शेष सभी प्रपत्रों का वितरण तत्काल बीएलओ के बीच सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में वितरण कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक वितरण किए बिना किसी भी प्रपत्र की पोर्टल पर मार्किंग नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अभिलेखों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली सूचनाएं पूरी तरह सही और त्रुटिरहित रखने पर जोर दिया।
बैठक में जिन क्षेत्रों में प्रपत्र वितरण की प्रगति धीमी है, वहां अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत प्रपत्र वितरण सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन कार्य की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए सभी संबंधित कर्मी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा प्रपत्र वितरण और ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि में किसी प्रकार की त्रुटि न होने दें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
