सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के समीप हाल ही में हटाए गए अतिक्रमण के समर्थन में सोमवार को वार्ड के प्रबुद्धजनों एवं आम नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम की कार्रवाई तथा स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा के साहसिक कदम की सर्वसम्मति से सराहना की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रभात पार्क का निर्माण क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन लंबे समय से हुए अतिक्रमण के कारण पार्क अपने मूल उद्देश्य से भटक गया था। अतिक्रमण की वजह से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि हो रही थी तथा महिलाओं और युवतियों के लिए आवागमन भी असुरक्षित हो गया था।
प्रबुद्धजनों ने कहा कि नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के बाद अब लोगों में विश्वास जगा है कि पार्क का वास्तविक स्वरूप पुनः बहाल होगा और आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सकेगा। बैठक में वार्डवासियों ने पार्षद नीतू शर्मा का स्वागत करते हुए इस अभियान में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
बैठक में वक्ताओं ने वार्ड 17 के मामलों में किसी भी प्रकार के बाहरी हस्तक्षेप एवं राजनीतिक दखल का विरोध करते हुए कहा कि स्थानीय समस्याओं का समाधान वार्ड के लोगों की सहभागिता से ही होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड के विकास और जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार की अनावश्यक राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता जितेंद्र रजक ने की। इस अवसर पर डॉ. मिंटू अखौरी, दीपक कुमार, जवाहरलाल सिंह, सुचिंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुधीर सिंह, गोपाल दास, मनोज तिवारी, प्रमोद सिंह, वीरेंद्र राय, राजेश रजक, अशोक कुमार सिंह, राम लखन सिंह, सुमित कुमार, प्रतिमा देवी, राजमती देवी, कनकलता, कुमारी चंचल समेत वार्ड के दर्जनों बुद्धिजीवी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।





