सरायकेला: आदित्यपुर के इच्छापुर उपर टोला, वार्ड संख्या-24 में आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पूर्व में दिए गए शिकायत पत्रों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर अभ्यर्थी का चयन किया गया है। मामले की जांच और चयनित अभ्यर्थी के दस्तावेजों की सत्यता की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जांच में पारदर्शिता नहीं बरती गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
