पल्स पोलियो, नियमित टीकाकरण, मलेरिया उन्मूलन एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

पल्स पोलियो, नियमित टीकाकरण, मलेरिया उन्मूलन एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक



santosh verma

Chaibasaः पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित जिले के सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि 28 जून 2026 को जिले भर में बूथ आधारित पल्स पोलियो कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, जबकि 29 जून व 30 जून 2026 तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 28 जून बूथ दिवस को 0 से 5 वर्ष तक के 90% बच्चों को एवं 29/30 जून को घर-घर विजिट कर शत-प्रतिशत पोलियो की खुराक सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी बच्चे को अभियान से वंचित नहीं रहने दिया जाए।



इसके अलावा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुरूप कार्य करने तथा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पूर्ण टीकाकरण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीकाकरण से वंचित लाभुकों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने तथा टीकाकरण कवरेज में सुधार लाने पर बल दिया।बैठक में मलेरिया उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने, मच्छरदानी वितरण तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि 15 जून 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। अभियान को लेकर आगामी 12 तारीख को विद्यालयों में आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में विस्तृत जानकारी को साझा किया जाए। इस महीने में 15 जून को ही विद्यालयों में तिथि भोज का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एमडीएम खाने के बाद ही बच्चों को दवा खिलाई जानी है।उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएं जनहित से जुड़ी हुई हैं। इन कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ संक्रामक रोगों की रोकथाम संभव है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post