महिलाओं पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले मंत्री इरफान अंसारी को बर्खास्त करें : गीता कोड़ा
santosh verma
Chaibasa ःभारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के महिलाओं को लेकर दिए गए हालिया बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं के "चेहरे की चमक बढ़ जाने" जैसी टिप्पणी पूरे महिला समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल शर्मनाक और निंदनीय है, बल्कि महिलाओं के प्रति मंत्री की असंवेदनशील सोच को भी दर्शाता है।गीता कोड़ा ने कहा कि इरफान अंसारी द्वारा महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी वे महिलाओं के लिए "रिजेक्टेड माल" जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई अमानवीय घटनाओं के दौरान भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए ऐसा विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा को वोट देने वाले अपनी बेटियों के साथ अत्याचार करवाने का काम करेंगे। उस समय भी उनके इस बयान की व्यापक आलोचना हुई थी।
उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री से मर्यादित और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है, लेकिन इरफान अंसारी बार-बार अपनी भाषा और बयानों से उस मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं। महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार किसी भी सभ्य समाज की पहचान है, ऐसे में एक मंत्री द्वारा लगातार महिलाओं के संबंध में विवादित और अपमानजनक टिप्पणियां करना अत्यंत चिंताजनक है।गीता कोड़ा ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इरफान अंसारी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और उन्हें अपने बयानों पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि महिलाओं के सम्मान और राज्य की गरिमा की रक्षा के लिए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को अविलंब मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती है तो यह महिलाओं के सम्मान के प्रति उसकी गंभीरता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा।
