"प्रोजेक्ट जागृति: बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम" के तहत जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर आयोजित
285 यूनिट रक्त का संग्रह, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
संतोष वर्मा
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित "प्रोजेक्ट जागृति: बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम" अभियान के अंतर्गत आज जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों, सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर, स्वास्थ्य केंद्र हाटगम्हरिया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंदगांव में एक साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच का विकास करना था।
बंदगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान कर आमजन को मानव सेवा के इस महान कार्य में सहभागी बनने का प्रेरणादायी संदेश दिया। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है जो सीधे किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है तथा समाज में मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाता है। जिले के सभी पांचों केंद्रों में आयोजित रक्तदान शिविरों के दौरान कुल 285 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र, विशेष टी-शर्ट एवं कॉफी मग प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि रक्तदाताओं का यह योगदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा, बल्कि अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह समय-समय पर रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान दे।
जिला प्रशासन का संदेश है कि "रक्तदान महादान है। आपका एक बूंद रक्त किसी की जिंदगी की नई शुरुआत हो सकती है।" रक्तदान केवल एक सामाजिक उत्तरदायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। प्रशासन द्वारा भविष्य में भी प्रोजेक्ट जागृति के तहत ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा समाज में सेवा, सहयोग एवं जागरूकता की भावना को बढ़ावा मिल सके।
