पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज-सह-जन्मोत्सव का आयोजन

 पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज-सह-जन्मोत्सव का आयोजन



उपायुक्त मनीष कुमार ने सदर परियोजना के नरसंडा एवं तोड़ांगबासा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों संग मनाया जन्मोत्सव



संतोष वर्मा

Chaibasaःबच्चों के सर्वांगीण विकास, उनके मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आनंददायी शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर सदर परियोजना अंतर्गत नरसंडा एवं तोड़ांगबासा आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने सहभागिता कर बच्चों के साथ जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान जून माह में जन्मदिन वाले सभी बच्चों का सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही सभी बच्चों को विशेष एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया, जिसमें उनकी पोषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विविध खाद्य सामग्री शामिल की गई। जन्मदिन मनाने के इस अनूठे आयोजन से बच्चों में उत्साह, खुशी और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। साथ ही राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा का सेवन कराया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक व्यवहार और आत्मविश्वास निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि जन्मोत्सव जैसे आयोजन बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जिले का प्रत्येक बच्चा स्वस्थ, शिक्षित और खुशहाल वातावरण में विकसित हो सके। बच्चों के समग्र विकास के लिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और भावनात्मक विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। बच्चों के साथ संवाद कर उनकी गतिविधियों एवं सीखने की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने, स्वच्छता अपनाने तथा पौष्टिक भोजन ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती, लेडी सुपरवाइजर, सेविका-सहायिका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों एवं अभिभावकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के जन्मदिन को सामूहिक रूप से मनाकर उनमें खुशी, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए अधिक आकर्षक एवं आनंदमय बनाना है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post